शहर के वार्ड नंबर एक में पेयजल संकट गहरा गया है। बीते दो माह से वार्ड
में पेयजल की नियमित सप्लाई नहीं आ रही है। जो सप्लाई आ रही है वह भी
नाममात्र है। करीब पांच दस मिनट के लिए ही सप्लाई आती है।
इससे लोगों को
परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि समस्या बारे संबंधित विभाग को
कई बार अवगत भी करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो
पाया है।
इसके चलते लोगों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर रोष है। लोगों
में विकास, अभिषेक, संजीव, रमन, सौरभ, अमन, पंकज, अमित, अक्षय आदि का कहना
है कि पिछले लगभग दो माह से पानी की किल्लत है। विभाग वार्ड में रोजाना
पांच से दस मिनट तक नाममात्र पेयजल सप्लाई दे रहा है।
इसके चलते लोगों को
पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में वार्ड के अधिकतर लोगों को
प्राकृतिक पेयजल स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है। लोगों का अधिकतर समय
प्राकृतिक जलस्रोतों से पानी भरने में लग रहा है।
लोगों का आरोप है कि
आईपीएच विभाग को समस्या बारे अवगत भी करवाया गया है, लेकिन अब तक समस्या का
समाधान नहीं हो पाया है। इसके चलते वार्ड के करीब डेढ़ हजार लोगों को
परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
लोगों ने विभाग को चेतावनी दी है कि जल्द
से जल्द समस्या का समाधान नहीं हो पाया तो लोगों को मजबूरन आईपीएच कार्यालय
का घेराव करने को मजबूर होना पड़ेगा।
आईपीएच विभाग के एसडीओ मीर चंद का कहना है कि समस्या ध्यान में आई है। जल्द ही समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।