बिझड़ी बाजार में गाड़ी में पानी मंगवाते लोग।
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के बिझड़ी क्षेत्र में काफी समय से पेयजल समस्या बनी हुई है। इससे लोगों और दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी की सुचारु आपूर्ति न होने से व्यापारी टैंकर मंगवा रहे हैं।
बिझड़ी बाजार के कई इलाकों में जहां गर्मियों में हफ्तों तक पानी नहीं आता है, वहीं अब बरसात में भी त्राहि-त्राहि मची हुई है। लोगों को भारी भरकम राशि खर्च करके पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। हालांकि जल शक्ति विभाग ने सड़क के दोनों ओर पाइप लाइन डाली गई है, लेकिन तीसरे दिन पानी की सप्लाई दी जाती है। क्षेत्र के अधिकांश लोगों ने पाइप लाइनों से टुल्लू पंप जोड़ रखे हैं। इससे कई घरों में पर्याप्त पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। इस बारे में लोग कई बार जल शक्ति विभाग से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। इस संदर्भ में जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता डीआर चौहान का कहना है कि पेयजल किल्लत दूर करने के लिए विभाग की ओर से नई रणनीति तैयार कर की जा रही है।