जिला मुख्यालय से लगती दड़ूही पंचायत में ‘अमर उजाला’ के सौजन्य से ‘आपकी आवाज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुक्रवार को हुए इस कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम (आईएएस) अरिंदम चौधरी ने की।
इसमें लोगों ने बिजली, पानी, रास्तों और सड़क की समस्याएं रखीं। इनके समाधान के लिए एसडीएम ने मौके पर समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। कार्यक्रम में पेयजल समस्या जोर-शोर से उठी। वार्ड-5 बुरवाड़ी के लोगों ने कहा कि वार्ड में तीसरे से चौथे दिन पानी की सप्लाई होती है।
पानी की सप्लाई का समय निर्धारित नहीं है। नई पाइप से कनेक्शन देने के लिए आईपीएच कर्मी ने एक सौ रुपये प्रति कनेक्शन लिए हैं, लेकिन अब तक कनेक्शन नहीं दिए हैं। लोगों के इन आरोपों को सुन आईपीएच अधिकारियों पर एसडीएम काफी तल्ख हुए और पैसे लेने वाले कर्मचारियों को 12 जनवरी को एसडीएम कार्यालय में पेश होने के आदेश दिए।
पेयजल समस्या के समाधान के लिए आईपीएच विभाग को सख्त निर्देश दिए। क्षेत्र में टुल्लू पंप लगाने वालों पर कोई विभागीय कार्रवाई न होने पर उन्होंने खुद घर-घर पेयजल कनेक्शनों की जांच की बात कही। उन्होंने कहा कि जो कोई उपभोक्ता टुल्लू पंप लगाता पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं शस्त्र वार्ड में बिजली कटों की समस्या के समाधान को एसडीएम ने मौके पर बिजली बोर्ड के एक्सईएन को समाधान के निर्देश दिए। एसडीएम ने कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारियों को कार्यालय में बैठने के बजाय फील्ड में जाकर लोगों की समस्याएं निपटाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर जिला परिषद के अध्यक्ष राकेश ठाकुर, पंचायत प्रधान ऊषा बिरला, उप प्रधान पवन कुमार, बीडीओ हमीरपुर अस्मिता ठाकुर, आईपीएच से संजय कटवाल, बिजली बोर्ड से एसडीओ आरके आनंद, वन विभाग से आरओ संदीप कुमार, पुलिस से सब इंस्पेक्टर सीएल चौधरी, कृषि विभाग, लोनिवि के अधिकारी मौजूद रहे।
ये रही समस्याएं
1.स्वास्थ्य उपकेंद्र के रास्ते को पक्का किया जाए।
2.पेयजल समस्या को दूर किया जाए।
3.बिजली के अघोषित कट की समस्या को दूर करने की मांग।
4.दड़ूही सड़क मार्ग को लोनिवि के अधीन किया जाए।
5.मटाहणी स्कूल में कैंटीन का विवाद समाप्त किया जाए।
6.नालियों की सफाई नियमित रूप से की जाए।
7.पंचायत क्षेत्र में बन रहे तकनीकी विवि में पंचायत के लोगों को रोजगार दिया जाए।
8.बंदरों और अवारा पशुओं से किसानों को निजात दिलाई जाए।
1.हरनाम सिंह का कहना है कि वार्ड नंबर दो में पशु अस्पताल से लेकर गांव तक सड़क की सुविधा होनी चाहिए। पंचायत ने सड़क निर्माण तो करवाया लेकिन सड़क को पूरा नहीं किया गया। इस सड़क पर डंगे भी लगने चाहिए।
सलीमो का कहना है कि वार्ड नंबर पांच में पेयजल का टैंक बनना चाहिए। ताकि लोगों को पेयजल की समस्या न हो।
3.अशोक कुमार का कहना है कि वार्ड नंबर छह में आए दिन बिजली के कट लगते रहते हैं। जिस कारण लोगों को परेशानी होती है।
4. ज्ञानो देवी का कहना है कि वह अपने परिवार से अलग एक झोपड़ी में रहती है। उसके लिए सरकार को जमीन देकर भवन निर्माण करवाना चाहिए।
5. कांता देवी का कहना है कि वार्ड नंबर सात में बंदरों और आवारा पशुओं का आतंक है। जिस कारण लोगों की फसल नष्ट हो रही है।
6.शस्त्र के जमील मोहम्मद का कहना है कि वार्ड शस्त्र में बिजली और पानी की समस्या है। विभाग और बोर्ड के कई बार समस्या भी बताई, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हो पाया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
एसडीएम हमीरपुर (आईएएस) अरिंदम चौधरी ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याएं जायज हैं। संबंधित विभागों को दन्हें शीघ्र दूर करना होगा। अगर कोई परेशानी आती है तो लोग सीधे उनके कार्यालय में शिकायत कर सकते हैं।
पंचायत प्रधान ऊषा बिरला ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को दूर करने के लिए सभी पंचायत प्रतिनिधि मिलकर प्रयास कर रहे हैं। पंचायत में रास्तों, नालियों के कार्य, मनरेगा और अन्य विकास कार्य तेजी से करवाए जा रहे हैं।
जिला परिषद के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में विकास कार्य को तवज्जो दी जा रही है। धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। बजट के लिए पंचायती राज विभाग, खंड विकास कार्यालय, ग्रामीण विकास विभाग समेत जिला प्रशासन से संपर्क किया जा रहा है।