गारली (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के बिझड़ी में पेयजल के दुरुपयोग पर विभाग ने एक कनेक्शन काट दिया। कंटेनमेंट जोन में आ रही पेयजल किल्लत के समाधान के लिए विभाग ने बुधवार को क्षेत्र में जांच शुरू की। इस दौरान एक व्यक्ति अंडरग्राउंड भंडारण टैंक में सीधा कनेक्शन देकर पेयजल भरता पाया गया। कर्मचारियों ने कार्रवाई करते हुए पेयजल कनेक्शन काट दिया है।
इसके अलावा सख्त हिदायत दी गई है कि इस कनेक्शन को दोबारा बहाल न किया जाए। अगर किसी तरह की छेड़छाड़ या दोबारा कनेक्शन की कोशिश की जाती है तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिशाषी अभियंता जितेंद्र गर्ग का कहना है कि विभाग की ओर से नियमों से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ मंगलवार को भी कार्रवाई की गई। बुधवार को भंडारण टैंक में पेयजल भरने पर एक कनेक्शन काट दिया गया। उन्होंने कहा कि पानी का दुरुपयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।