सुजानपुर (हमीरपुर)। सर्व कल्याणकारी संस्था की ओर से सुजानपुर नागरिक अस्पताल में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने सैकड़ों लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ ही उन्हें अच्छे स्वास्थ्य के लिए जरूरी टिप्स भी दिए।
प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेष डॉ. राजबहादुर और ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जीतराम ने ने मरीजों को वजन कम करने और अच्छे खानपान के साथ हर रोज कम से कम दस हजार कदम चलने की सलाह दी। डॉ. राजबहादुर ने कहा कि इससे न केवल आपका वजन ठीक मात्रा में बना रहेगा बल्कि बीमार भी नहीं पड़ेंगे।
शिविर में 1500 से अधिक मरीजों ने अपना निशुल्क इलाज करवाया। मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. प्रीतम, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.पीएल वर्मा, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनीश और डॉ. राकेश चौहान ने शिविर में आए लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें जरूरी सलाह दी। इस मौके पर सर्व कल्याणकारी संस्था के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने कहा कि संस्था आगे भी जनकल्याण के ऐसे ही निशुल्क कैंप लगते रहेंगे। इस मौके पर मुख्य अतिथि विधायक राजेंद्र राणा भी मौजूद रहे।