खाद्य आपूर्ति विभाग ने मोबाइल टेस्टिंग वैन के संचालन की औपचारिकताएं पूरी कीं
अब जिलाभर के छोटे से लेकर बड़े बाजारों में टेस्टिंग के लिए पहुंचेगी मोबाइल वैन
अगस्त के लिए विभाग ने तय किए रूट
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिले में अब खाद्य पदार्थों की जांच के लिए लंबा इंतजार नहीं करना होगा। खाद्य सुरक्षा विभाग हमीरपुर को मिली फूड टेस्टिंग वैन में वीरवार से टेस्टिंग शुरू हो जाएगी। विभाग को इस वैन को संचालित करने के लिए जरूरी स्टाफ मिल गया है। जिलाभर में टेस्टिंग वैन का रूट तय कर दिया गया है। ऐसे में अब बड़े से लेकर छोटे बाजारों में दूध, पानी, सॉस, चटनी, तेल, दालों में मिलावट इत्यादि की जांच होगी। फरवरी में विभाग को यह वैन मिली थी। जरूरी औपचारिकताएं पूरा करने के बाद वीरवार को इस वैन को संचालित किया जाएगा। अब हर सैंपल को कंडाघाट भेजने की आवश्यकता नहीं है। इस वैन में सॉस, दूध, तेल और अन्य खाद्य सैंपलोंं की जांच मौके पर ही हो जाएगी। दुकानदार मिलावटी खाद्य वस्तुएं नहीं बेच पाएंगे। कंडाघाट लैब से रिपोर्ट आने के लिए कई दिन का समय लगता था। ऐसे में अब इस वैन की सुविधा मिलने से टेस्ट की रिपोर्ट भी तुरंत मिलेगी। जिले में जाकर टीम सैंपल लेगी, वहीं मौके पर रिपोर्ट भी आएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग हमीरपुर के सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने कहा कि फूड टेस्टिंग वैन का अगस्त का रूट तैयार कर दिया गया है। इस मोबाइल टेस्टिंग लैब में टेस्ट की रिपोर्ट तुरंत मिलेगी। इसे कहीं भी ले जा सकते हैं।
लैब में तीन कर्मी देंगे सेवाएं
फूट टेस्टिंग बैन में तीन कर्मी सेवाएं देंगे। यह कर्मी अगस्त में तय रूट के तहत जिले के विभिन्न बाजारों में टेस्टिंग करेंगे। आम व्यक्ति लैब में खाद्य पदार्थों की जांच करवा सकता है। इस वैन में फूड एनालिस्ट, लैब अटेंडेंट और ड्राइवर सेवाएं देंगे। वैन में तुरंत सैंपल की रिपोर्ट लोगों को दी जाएगी।
यह रहेगा अगस्त माह का रूट
पहली अगस्त को झनियारी, दो को बाईपास हमीरपुर, तीन को मट्टनसिद्ध, पांच को चौकी जम्बाला, छह को बड़ू, सात को कोट, आठ को मानपुल, नौ को नादौन, 21 को बड़ा, 22 को रैल, 23 को रंगस, 24 को घोड़ी धबीरी, 27 को महारल, 28 को बिझड़ और 29 को चकमोह में मोबाइल टेस्टिंग बैन बाजारों में टेस्टिंग करेगी।