चंगर बूथ पर स्वीप और मिशन-414 के तहत करवाया जागरूकता कार्यक्रम
मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के लिए जिलाभर मेंं शुरू किया गया है मिशन-414
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान 60 प्रतिशत से कम मतदान वाले 414 मतदान केंद्रों में इस बार मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के लिए मिशन-414 आरंभ किया गया है। इसमें हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र का मतदान केंद्र 90-चंगर भी शामिल है। बुधवार को इस मतदान केंद्र पर भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता जागरूकता कार्यक्रम सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता और मिशन-414 के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विधानसभा क्षेत्र 38-हमीरपुर की स्वीप नोडल अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी हिमांशी शर्मा के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में आम मतदाताओं को विभिन्न स्पर्धाओं, खेलकूद, सेल्फी, हस्ताक्षर और अन्य गतिविधियों के माध्यम से मतदान के लिए प्रेरित किया गया। केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला नालांगर में स्थित इस मतदान केंद्र पर आयोजित इन जागरूकता गतिविधियों में स्थानीय मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। एसबीपीओ किशोरी लाल ने लोगों को मतदान के महत्व से अवगत करवाया तथा उन्हें आने वाले सभी चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग के विभिन्न दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर और युवाओं के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता करवाई गई। इसके साथ-साथ हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से भी मतदाताओं को मतदान का संदेश दिया गया। पहली बार मतदान करने जा रहे नए मतदाताओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया गया। इसमें उन्होंने आई एम रेडी टू वोट का संकल्प लिया। इन सभी गतिविधियों में भाग लेने वाले नए युवा मतदाताओं, महिलाओं और अन्य मतदाताओं को पुरस्कृत भी किया गया। आगामी चुनाव में इस बूथ पर अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बूथ जागरूकता समूह भी गठित किए गए। एसबीपीओ ने बूथ लेवल अधिकारी अनीता कुमारी को इन समूहों को मतदान की तिथि तक सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि चंगर बूथ पर शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को हासिल किया जा सके। इस मौके पर ग्राम पंचायत चंगर के समस्त जनप्रतिनिधियों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों और अन्य स्थानीय संगठनों के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।