हमीरपुर। ग्राम पंचायत दरोगन पतिकोट के वार्ड नंबर एक के ठाना गांव को जाने वाले सड़क को कथित तौर पर तोड़ने की शिकायत ग्रामीणों ने डीसी हमीरपुर को सौंपी है।
ग्रामीणों का दावा है कि सड़क को तोड़कर वहां पर डंगे का निर्माण किया जा रहा है, जिससे ठाणा गांव के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए बस्ती के ग्रामीण एकत्रित होकर वीरवार उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह से मिले। हालांकि दरोगण पतिकोट के पंचायत प्रधान का तर्क है कि सड़क 11 फीट खुली है। डंगे का निर्माण घर को सुरक्षित करने के लिए किया जा रहा है। यह निर्माण पंचायत की ओर से गठित कमेटी की ओर से किया जा रहा है।
वहीं, समस्या को बताते हुए ग्रामीणों ने उपायुक्त हमीरपुर से समाधान करने की गुहार लगाई है। उपायुक्त ने समस्या सुनने के उपरांत मामला जांच के लिए एसडीएम हमीरपुर को भेजा है। अब एसडीएम हमीरपुर और बीडीओ हमीरपुर इस मामले की जांच करेंगे।
ग्रामीणों में तेज कुमार, राजेश कुमार, प्रतीम, राकेश, सुमन, डिंपल आदि ने कहा कि गांववालों ने मिलकर अपनी बस्ती के लिए संपर्क सड़क को निकाला है, जिससे लोगों को सुविधा मिल रही है। इसमें लोगों की दान राशि, सांसद निधि आदी शामिल है। सड़क को निकालने के लिए किसी की मलकीयत भूमि काे नहीं लिया गया है और पूरी सरकारी जमीन है।
हाल ही में सड़क को पक्का करने के लिए राज्य सभा सांसद निधि से तीन लाख की ग्रांट जारी हुई है। अब यहां पर पक्की सड़क को तोड़कर डंगा लगाने का कार्य शुरू कर दिया है, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को गुमराह कर इस डंगे के लिए बजट मंजूर करवाया है। इसकी शिकायत पंचायत में की जा चुकी है और पंचायत ने मौका देखा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया।
कोट्स
यहां पर डंगा सड़क निर्माण के दौरान लगाया जाना जरूरी था। घर को खतरा न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से मंजूर बजट से पंचायत की ओर से गठित कमेटी की ओर से डंगे का निर्माण किया जा रहा है। यहां पर सड़क को नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। दो पक्षों की लड़ाई में बेवजह झूठी शिकायतें कुछ लोग दे रहे हैं। विभाग के अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया है। यहां पर सड़क 11 फीट है और आवाजाही में कोई दिक्कत नहीं है।
-गुलशन, प्रधान, दरोगण पतिकोट पंचायत