भोरंज (हमीरपुर)। जिला परिषद वार्ड का परिसीमन कर विकासखंड भोरंज के धीरड वार्ड में जोड़ी गई तीन पंचायत के ग्रामीणों का विरोध जताया है। ग्राम पंचायत उखली, पांडवी और भगेटू से धीरड वार्ड की दूरी करीब 35 किलोमीटर है।
पहले यह पंचायतें मात्र 5 से 6 किलोमीटर की दूरी वाले जिला परिषद वार्ड खरवाड का हिस्सा थीं। अचानक इन्हें ऐसे वार्ड के साथ जोड़ा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह न्यायसंगत नहीं है। इसी का विरोध जताने के लिए दर्जनों की संख्या में तीनों पंचायत के लोगों ने उपमंडल अधिकारी भोरंज का दर खटखटाया है। इस दौरान विभिन्न गांवों से अपनी आपत्तियां लिखित तौर पर दर्ज कर एसडीएम को सौंपी गई। सैकड़ों ग्रामीणों के हस्ताक्षर इन आपत्ति पत्रों में दर्ज हैं।
ग्रामीण कैप्टन रमेश चंद, पूर्व प्रधान जीत राम, कैप्टन बलवीर का कहना है कि ग्राम पंचायत ऊखली, पांडवी और भगेटू बिलासपुर की सीमा के साथ लगती है, जबकि जिस वार्ड में शामिल किया गया है, वह मंडी जिला की सीमा से लगता है। यह फैसला किसी भी रूप में जनता को स्वीकार्य नहीं है। उखली, पांडवी और भगेटू को पूर्व की भांति खरवाड वार्ड में ही रखा जाए।
कोट
तीन पंचायतों उखली, पांडवी और भगेटू के ग्रामीण धीरड जिला परिषद वार्ड में शामिल किए जाने के विरोध स्वरूप मिले हैं तथा अपनी आपत्तियां दर्ज करवाई हैं। इस दौरान उन्हें आश्वस्त किया गया है कि कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी। उनकी आपत्तियों पर पूरी तरह से अमल किया जाएगा तथा उसके उपरांत सही निर्णय लिया जाएगा।
-शशिपाल शर्मा, एसडीएम भोरंज