डीसी हमीरपुर से मुलाकात करने पहुंचा ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल। संवाद।
हमीरपुर। गांव बल्यूट के ग्रामीणों ने सोमवार को सड़क बंद करने के मामले में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल पंचायत उपप्रधान दीपचंद कालिया और कुशमा देवी के नेतृत्व में उपायुक्त से मिला और समस्या से अवगत करवाया।
ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 50 वर्ष पूर्व गांव के लिए सड़क का निर्माण हुआ था। इसे लोक निर्माण विभाग ने पक्का किया। यह सड़क गांव के लिए जीवनरेखा है, लेकिन पिछले पांच महीने से गांव के ही एक व्यक्ति ने इस सड़क को अवरुद्ध कर रखा है। इससे पूरे गांव को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क बंद होने से गर्मी के मौसम में पानी की कमी के चलते गांव में पानी के टैंकर भी नहीं पहुंच सके। इस सड़क पर हमीरपुर से मंडी के लिए बसें भी चलती थीं, लेकिन सड़क बंद होने के कारण बस सेवाएं भी बंद हो गई हैं। व्यक्ति के असहयोगी रवैये के कारण गांव के महिला मंडल और अन्य निवासियों ने उससे सभी सामाजिक संबंध तोड़ लिए हैं।
पंचायत प्रधान ने उस व्यक्ति को सड़क खोलने के लिए तीन दिन का समय दिया था, लेकिन उसने आदेश की अनदेखी की। ग्रामीणों ने उपायुक्त से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर सड़क को पुनः खोलने की मांग की है। उपायुक्त अमरजीत सिंह ने आश्वासन दिया कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।
उधर, जमीन के मालिक दीन बंधु शर्मा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने उनकी निजी जमीन पर कब्जा किया था। हाल ही में वह इस मामले को कानूनी रूप से जीत चुके हैं। उन्होंने पंचायत उपप्रधान दीपचंद कालिया पर आरोप लगाया कि वे सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों का समर्थन कर रहे हैं और उन्हें बेवजह परेशान कर रहे हैं।