एचआरटीसी बसों में किराये के साथ बीमा राशि वसूलने को लेकर यात्रियों की परिचालकों से झड़प हो रही है। निगम प्रबंधन किराये के साथ दो रुपये अतिरिक्त बीमा राशि भी वसूल रहा है। इससे लंबे रूट की सवारियों की जेब पर अधिक भार नहीं पड़ रहा है। लोकल सवारियों को निगम की बसों में सफर बेतहाशा महंगा हो गया है। दो किलोमीटर का सफर पांच रुपये हो गया है। ऐसे में किराये के साथ बीमा वसूली पर लोकल यात्रियों की परिचालकों से आएदिन झड़प हो रही है।
स्थानीय निवासी नरेश कुमार, प्रकाश चंद, देवराज, नरोत्तम सिंह, करतार चंद, सुनील कुमार, प्रमोद सिंह आदि का कहना है कि निगम की बसों में तय किराये के साथ बीमा के रूप में दो रुपये अतिरिक्त किराया वसूली से यात्रियों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
इन सबका कहना है कि लांग रूट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बीमा सुविधा बेहतर है, लेकिन लोकल रूटों पर बीमा राशि से लोकल रूट का सफर तीन रुपये से बढ़कर पांच रुपये हो गया है। वहीं, टिकट मशीनों में अलग-अलग बीमा किराया फीड है। इसके चलते यात्रियों की परिचालकों से कहासुनी हो रही है। यात्रियों ने निगम प्रबंधन से मांग की है कि लोकल रूटों पर यात्रियों से बीमा राशि न वसूली जाए।
आरएम प्रदीप कुमार का कहना है कि नियमानुसार ही यात्रियों ने किराये के साथ अतिरिक्त दो रुपये बीमा राशि ली जा रही है। यात्रियों को बाकायदा इसका टिकट दिया जा रहा है।