टौणी देवी चौक पर अवैध पार्किंग बनी मुसीबत, लोगों ने कार्रवाई की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणी देवी (हमीरपुर)। टौणी देवी मंदिर चौक पर सड़क किनारे खड़े वाहन आम लोगों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। अव्यवस्थित पार्किंग के चलते यहां आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे हादसों की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई वाहन चालक सुबह के समय अपनी गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी कर देते हैं, जो देर शाम तक वहीं खड़ी रहती हैं। इससे आवागमन बाधित होता है और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने बताया कि अस्पताल चौक पर भी इसी तरह की समस्या बनी हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गलत तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। स्थानीय निवासियों ने यह भी सुझाव दिया है कि चौक पर नियमित रूप से पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि यातायात सुचारू बना रहे।
पुलिस चौकी टौणी देवी के एएसआई इंद्रजीत ने बताया कि समस्या उनके संज्ञान में है और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग को रोका जाएगा, जिससे यातायात प्रभावित न हो।