पापा आज गुलाब जामुन लाना…मैं प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की मेरिट सूची में आई हूं। भवड़ा गांव की अदिति ने बारहवीं कक्षा की मेरिट सूची में अपना नाम देखकर अपने पिता को फोन करके खुशी से जताते हुए यह बात कहीं। इस एक वाक्य में उसकी वर्षों की मेहनत, सपने और संघर्ष सब झलक उठे। इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र भवड़ा में बच्चों को पढ़ा रही अपनी माता मीना कुमारी को सूचना दी और स्कूल में जाकर शिक्षकों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गांव भवड़ा की अदिति ने बारहवीं कक्षा की मेरिट सूची में संकाय में प्रदेशभर छठा और जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
अदिति के पिता अशोक कुमार कांगू में एक मिठाई की दुकान पर काम करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। आज वही मेहनत रंग लाई है और बेटी ने अपने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव को गर्व महसूस करवाया है। अदिति राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमलैहड़ की छात्रा हैं। उनका गांव स्कूल से तीन किलोमीटर स्थित है। वह प्रतिदिन आठ से नौ घंटे तक पढ़ाई करती थी। भविष्य में वह चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहती है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों और विज्ञान अध्यापक सुरजीत को दिया है। जिनकी प्रेरणा से आज अदिति को यह सफलता प्राप्त हुई है।