बाल स्कूल हमीरपुर के खेल मैदान मेें नहीं डाली गई मिट्टी
आज बाल स्कूल हमीरपुर में होने हैं उपचुनाव, आवाजाही में होगी दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। 10 माह से निर्माणाधीन बाल स्कूल हमीरपुर का खेल मैदान खिलाड़ियों और लोगों के परेशानी का सबब बना हुआ है। बारिश के बाद मैदान में बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हुए हैं, जो वर्तमान में तालाब का रूप धारण कर रहे हैं। तालाब में जमा पानी खिलाड़ियों के खेल अभ्यास में बाधा बना हुआ है। मैदान में खिलाड़ियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हिमाचल निर्वाचन आयोग की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में मतदान केंद्र स्थापित किया गया है। मंगलवार को पूरे विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के 94 पोलिंग बूथों के लिए कर्मचारियों, सीपीआरएफ जवानों और पुलिस कर्मियों की टीमें ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों को लेकर परिवहन निगम की बसों में अपने स्टेशनों के लिए रवना हुए।
स्कूल के खेल मैदान में मतदान प्रक्रिया में कार्यरत कर्मचारियों और पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए बसों को खड़ा किया गया। कीचड़ के कारण मैदान में आने जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मैदान में पार्क गाड़ी आधे घंटे तक कीचड़ के दलदल में फंसी रही। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों अश्वनी कुमार, नितेश, राजीव, प्रदीप, राकेश आदि ने कहा कि पिछले वर्ष से खेल मैदान का निर्माण कार्य चला हुआ है लेकिन अभी तक मैदान का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। मैदान में लंबे समय से कार्य चला हुआ है जो विभागीय लापरवाही के चलते पूरा नहीं हो पा रहा है। मैदान की खोदाई के बाद विभाग की ओर से उसमें मिट्टी नहीं डाली गई है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मैदान का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग की है। इस बारे में लोक निर्माण विभाग हमीरपुर के एसडीओ संजय कटोच ने कहा कि आचार संहिता के बाद खेल मैदान का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाएगा ताकि खिलाडिय़ों को खेल अभ्यास करने में परेशानी का सामना न करना पड़े।