नादौन। दो दिन बाद खुले नादौन बाजार में सोमवार को वाहनों की कतारें लग गई। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े करने पर जाम की स्थिति बन गई। वाहनों की इस भीड़ के बीच बाजार पहुंचे लोगों का भी हुजूम देखने को मिला। सोमवार को भारी भीड़ खरीदारी के लिए बाजार पहुंची। एक ओर बस अड्डा के आसपास वाहनों की लंबी कतार देखी गई। वहीं स्थानीय बाजारों में भी दोपहर दो बजे तक लोगों की चहल-पहल बनी रही। नादौन से हमीरपुर और ज्वालामुखी मार्ग पर वाहनों को सही ढंग से खड़े करवाने में गृहरक्षकों को खूब पसीना बहाना पड़ा। इस दौरान नादौन पुलिस का निरीक्षण अभियान चलता रहा और नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध सख्ती दिखाई गई।
बसों के बंद होने की वजह से ज्यादातर लोग निजी वाहनों में बाजार पहुंच रहे हैं और इसी वजह से भीड़ का जमावड़ा बाजार में लग गया। थाना प्रभारी नीरज राणा ने लोगों से आग्रह किया है कि घरों से ज्यादा संख्या में लोग सामान लेने न आएं। उन्होंने लोगों से कोविड-नियमों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।