नादौन (हमीरपुर)। सब्जी उपमंडी नादौन में शुक्रवार सुबह पांच दिनों बाद पहुंची सब्जी और फलों की सप्लाई के बाद इन्हें खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। सब्जी मंडी के बाहर सब्जी ढोने के लिए वाहनों की कतारें लग गईं। हर कोई पहले सब्जी-फल खरीदने की होड़ में लग गया। करीब 400 लोग सुबह ही सब्जी मंडी में वाहनों को लेकर सब्जी-फल लेने पहुंचे। हालात और अफरातफरी के माहौल के बीच किसी ने इस बारे पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी प्रवीण राणा की अगुवाई में पुलिसकर्मियों ने हालात पर काबू पाया। उप मंडी के आढ़ती बबलू ने बताया कि गत पांच दिनों से बाजार में सब्जी, फल की भारी कमी आ गई थी और लोग पुरानी सब्जी व फल खरीदने को मजबूर थे।
उन्होंने बताया कि वीरवार को उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा के नादौन दौरे के दौरान इस समस्या को उठाया गया तो उनके निर्देश पर एसडीएम नादौन किरण बड़ाना ने आढ़तियों को विशेष पास जारी किए। जिसके बाद ही सप्लाई संभव हो सकी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को प्रत्येक खरीदार को एक बराबर सब्जियों व फलों की बिक्री की गई ताकि, हर क्षेत्र में सब्जी व फल पहुंच सके। उन्होंने बताया कि अभी भी मांग के अनुसार सप्लाई नहीं पहुंची है। वाहन पंजाब आदि राज्यों में नहीं जा पा रहे थे, परंतु प्रशासन के सहयोग से यह संभव हो सका है। उधर, कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि सब्जी के दामों में वृद्धि हुई है। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने बताया कि सूचना मिलते ही मौका पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया गया। जबकि, वहां प्रत्येक व्यक्ति को हाथ में ग्लब्स तथा मास्क पहनने की सख्त हिदायत दी गई। फिर भी कोई इन निर्देशों की अवहेलना करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।