सिंथेटिक ट्रैक अणु में अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में दिखाया दम
दो दिवसीय प्रतियोगिता में 12 जिलों से 267 खिलाड़ी ले रहे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। अंडर-14 राज्यस्तरीय एथलीट मीट का शुभारंभ शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर (सिंथेटिक ट्रैक अणु) में हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने मार्च पास्ट की सलामी लेकर किया। उन्होंने कहा कि खेलों में मन लगाकर खेलना चाहिए। आजकल बहुत सारे युवा कंप्यूटर और मोबाइल पर ज्यादा समय देते है लेकिन इससे शारीरिक विकास रुक रहा है। प्रधानाचार्य मुश्ताक मोहम्मद ने दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिता में 12 जिलों से 267 खिलाड़ी छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
खेल समन्वयक प्रवीण पठानिया ने कहा कि प्रतियोगिता के प्रथम दिन 100 से 1500 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो आदि प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इसमें छात्र और छात्रा वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्र वर्ग की 200 मीटर दौड़ में ऊना से वीर नाहर प्रथम, हमीरपुर से सोनू द्वितीय और गोपाल हमीरपुर तृतीय और छात्रा वर्ग में मंडी से कनक प्रथम, हमीरपुर से शबनम द्वितीय और हमीरपुर की रूद्र प्रिया ठाकुर तृतीय स्थान पर रहीं। छात्र वर्ग की 600 मीटर दौड़ में हमीरपुर से प्रकुल सिंह ठाकुर प्रथम, बिलासपुर से राहुल कुमार द्वितीय और सोलन से गौरव शर्मा ने तृतीय, छात्रा वर्ग में मंडी से सोनल ठाकुर प्रथम, हमीरपुर से शवनम द्वितीय और हमीरपुर से मानिता तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता के समापन समारोह से पूर्व खिलाड़ियों के फाइनल मुकाबले आयोजित होंगे। इस अवसर पर एडीपीओ करतार चंद, खेल समन्वयक अशोक, नगर परिषद अध्यक्ष मनोज मिन्हास, महासचिव मनोहर लाल कानूनगो, कांग्रेस पदाधिकारी आरसी डोगरा सहित अन्य मौजूद रहे।