हमीरपुर। जिला भाजपा उपाध्यक्ष एवं दड़ूही पंचायत की प्रधान ऊषा बिरला ने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में पार्टी टिकट के लिए दावेदारी जताई है। बिरला ने बाकायदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसके लिए पत्र लिखा है। इसकी एक प्रति हिमाचल भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को भी भेजी है।
ऊषा बिरला लगातार तीसरी दफा दड़ूही पंचायत की प्रधान बनी हैं। पीएम मोदी को लिखे पत्र में ऊषा बिरला ने उपचुनाव के लिए टिकट की मांग करते हुए कहा कि वह आम परिवार से उठकर राजनीति में आई हैं। पीएम को गॉडफादर बताते हुए कहा कि उनका राजनीति में कोई गॉडफादर नहीं है। टिकट की मांग करने के साथ उन्होंने जीत का दावा भी किया है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष ऊषा बिरला ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता के नाते उन्होंने पीएम मोदी को पत्र लिखा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में महिला शक्ति को आगे लाया जा रहा है। ऐसे में विश्वास है कि प्रधानमंत्री उन्हें उपचुनाव में भाजपा की ओर से चुनाव लड़ने का मौका देंगे।