हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत ग्राम पंचायत पंधेड़ में निर्माणाधीन मोक्षधाम का गेट और पट्टिका शरारती तत्वों ने तोड़ डाली है। निर्माणाधीन कार्य को नुकसान पहुंचने की सूचना जब पंचायत प्रधान को मिली तो इस संबंध में सदर पुलिस थाने में शिकायत दी गई। पुलिस में शिकायत के बाद पंचायत ने अपने स्तर पर भी छानबीन शुरू की। शक के आधार पर पंचायत के ही एक व्यक्ति से पूछताछ की गई तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। व्यक्ति ने पंचायत में एक सप्ताह के भीतर नुकसान की भरपाई करने का लिखित शपथपत्र दिया है।
पंधेड़ पंचायत में 14वें वित्तायोग और मनरेगा के तहत इस मोक्षधाम का निर्माण किया जा रहा है। इसका निर्माण लगभग पूरा हो चुका था, लेकिन शरारती तत्वों ने इसके गेट और निर्माण पट्टिका को तोड़ डाला। पंचायत प्रधान दीप कालिया का कहना है कि जिस व्यक्ति पर शक था, उससे पूछताछ करने के बाद उसने कबूल कर लिया है। एक सप्ताह के भीतर नुकसान को भरने के लिए कहा है। पुलिस को सूचना दी गई थी लेकिन, व्यक्ति ने नुकसान की भरपाई करने के लिए शपथपत्र दिया है। इसलिए मामला दर्ज नहीं करवाया है।