धनेटा(हमीरपुर)। उपमंडल धनेटा के कांगू सेक्शन-एक और सेक्शन-दो के तहत करीब 25 गांवों में अघोषित बिजली कटौती और कम वोल्टेज से लोग परेशान हैं। बिना आंधी-तूफान के भी बार-बार बिजली गुल होने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बिजली जाने के बाद अगले दिन ही बहाल होती है। कांगू सेक्शन-एक के तहत सनाही, मालग-मंझेली पंचायतों के तेलकड़, हारमसंदा, बलेटा खुर्द, बुजाणा, कमलाह, सनाही, मंझेली, पनसाई रोड और कांगू बाजार समेत कई क्षेत्र प्रभावित हैं।
सेक्शन-दो के बड़ेडा, कारगू, चलैली, जसाई, अटियालू, धौला क्वाल, मसान वाहल, रामनगर, रजोहल और बल्ल पनसाई क्षेत्र के उपभोक्ता भी समस्या झेल रहे हैं। बिजली कट के कारण घरेलू उपकरण और बोरवेल नहीं चल पा रहे हैं, जिससे पेयजल आपूर्ति समेत अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार करीब छह हजार उपभोक्ताओं का जिम्मा दो कनिष्ठ अभियंताओं और पांच अन्य कर्मचारियों पर है। स्टाफ की कमी से कर्मचारियों पर अतिरिक्त काम का दबाव है। ग्रामीणों ने रिक्त पद भरने और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। संवाद