हमीरपुर। वीर भूमि हमीरपुर में बजट की कमी का दंश झेल रहा निर्माणाधीन युद्ध स्मारक एवं पार्क अब शहर की समग्र विकास योजना का हिस्सा बनेगा। करीब दो वर्ष से युद्ध स्मारक का निर्माण कार्य बंद है।
जिले को वीर भूमि कहा जाता है, लेकिन दो दफा शिलान्यास के बाद भी युद्ध स्मारक का निर्माण कार्य अधर में है, लेकिन अब शहर की समग्र विकास की योजना के तहत इस पार्क को संवारा जाएगा। जिला प्रशासन और नगर निगम हमीरपुर ने इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर ली है। इस योजना के सिरे चढ़ने से लंबे समय से चली आ रही पार्क के सौंदर्यींकरण की मांग भी पूरी होगी।
नगर निगम हमीरपुर और जिला प्रशासन की ओर से शहर के विकास के लिए समग्र योजना तैयार की गई है। इसकी डीपीआर तैयार कर प्रदेश सरकार को भेजी जा रही है। 150 करोड़ के इस प्रोजेक्ट के तहत विभिन्न सर्किट में विभाजित कर विकसित किया रहा है। जनसुविधा के लिए ग्रीन जोन तैयार किए जाने हैं, ताकि शहर में लोगों को आराम करने के लिए बैठने और घूमने फिरने के लिए स्थल विकसित हो सके।
इस कड़ी में यहां पर पार्क को विकसित किए जाने की भी योजना तय की गई है। इस योजना में जिला प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को शामिल किया है। इसके लिए थ्रीडी डिजाइन भी तैयार किए जा रहे हैं। यहां पर म्यूजिक फाउंटेन सहित अन्य कार्य किए जाने प्रस्तावित हैं।
स्मारक से झलकेगी वीर सपूतों के बलिदान की झलक
एनआईटी के विशेषज्ञों की मदद से इस स्मारक और पार्क के सौंदर्यीकरण का डिजाइन तैयार किया जा रहा है। डिजाइन तरह-तरह से बनाया जा रहा है, जिससे कि वीर सपूतों के बलिदान की झलक इसमें हो। बलिदान की गाथाओं को प्रेरक अंदाज में पेश करने का प्रयास इसमें होगा।
कोट
शहर की समग्र विकास की योजना में युद्ध स्मारक और पार्क भी शामिल किया गया है। इसका डिजाइन तैयार किया जा रहा है। सरकार से मंजूरी मिलते ही इस कार्य को पूरा किया जाएगा।
-अभिषेक गर्ग, एडीसी एवं आयुक्त नगर निगम हमीरपुर