हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में आए दिन अघोषित कट लग रहे हैं। जिसके चलते मुख्यालय पर कई विभागीय कार्यालयों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। इसके अलावा सर्दी के इस मौसम में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से हीटर और गीजर आदि भी नहीं चल रहे।
लोग ठंड से ठिठुर रहे हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्ग लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक बिजली के कट गांधी चौक क्षेत्र में लग रहे हैं। जहां जिले की सबसे बड़ी मार्केट है। यहां पर बड़े-बड़े शॉपिंग कांप्लेक्स, रेडिमेड गारमेंट्स, होटल और रेस्तरां समेत कई कारोबारी हैं। लेकिन, बिजली के कट के कारण आए दिन कारोबारी परेशान हो रहे हैं। बिजली के अघोषित कट के बारे में पूछने पर बिजली बोर्ड का ऑपरेशन विंग और ट्रांसमिशन एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। बिजली बोर्ड का कहना है कि अत्यधिक लोड के कारण मट्टन सिद्ध और अणु ट्रांसमिशन से बिजली बाधित हो रही है। जबकि, ट्रांसमिशन के अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन विंग के फ्यूज उड़ने से यह दिक्कत है। शहरवासियों प्रदीप ठाकुर, सुनील शर्मा, अशोक कुमार, राजेश कुमार, विक्रम सिंह और सुशील शर्मा ने बताया कि दिन में बार-बार बिजली के कट लगने से परेशानी हो रही है। उन्होंने बिजली बोर्ड से समस्या के समाधान की मांग की है।
इधर, बिजली बोर्ड हमीरपुर के अधिशासी अभियंता केके भारद्वाज ने कहा कि उनकी ओर से कोई कट नहीं लगाए जा रहे। उनका कहना है कि हो सकता है कि ट्रांसमिशन से कोई दिक्कत हो। वहीं, हिमाचल प्रदेश पावर ट्रांसमिशन हमीरपुर के अधीक्षण अभियंता आरएस ठाकुर का कहना है कि सिर्फ एक दिन ओवरलोडिंग के वजह से दिक्कत आई थी लेकिन, उसके बाद ट्रांसमिशन से नियमित आपूर्ति है। इस बारे में बिजली बोर्ड ऑपरेशन विंग से बात की जाएगी।