हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में तीन माह से एक अल्ट्रासाउंड मशीन खराब पड़ी है। तीन महीने बीत जाने के बाद भी मेडिकल कॉलेज प्रशासन इसकी सुध नहीं ले रहा है।
मशीन खराब होने के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मेडिकल कॉलेज में दो अल्ट्रासाउंड मशीन हैं, जिसमें से एक अल्ट्रसाउंड मशीन की सुविधा मिल रही है। लेकिन एक अल्ट्रासाउंड मशीन पर दबाव अधिक होने के कारण अधिकतर मरीज खासकर गर्भवती महिलाएं निजी केंद्रों में अल्ट्रासाउंड की सुविधा लेने को मजबूर हैं।
निजी केंद्रों में उन्हें अधिक राशि खर्च करनी पड़ रही है। मेडिकल कॉलेज में रोजाना गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ काफी संख्या में अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीज पहुंचते हैं। करीब 70 से 80 मरीज अल्ट्रासाउंड के लिए आते हैं, लेकिन यहां पर एक ही अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन किया जा रहा है।
मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से भी अल्ट्रसाउंड मशीन की समस्या के समाधान की मांग की है। मरीजों ने कहा कि मशीन काफी समय से खराब पड़ी है, इसको जल्द से जल्द ठीक किया जाना चाहिए।
कोट
मेडिकल कॉलेज में दो अल्ट्रसाउंड मशीन हैं। एक मशीन तीन माह से खराब पड़ी है, जबकि एक अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा मरीजों को मिल रही है। जो अल्ट्रसाउंड मशीन खराब है, उसका पार्ट मंगवाया गया है। जैसे ही पार्ट आ जाएगा, दूसरी अल्ट्रासाउंड मशीन भी ठीक हो जाएगी।
-डॉ. रमेश भारती, प्राचार्य, डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर
कैप्शन
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए इंतजार करते मरीज। संवाद