लदरौर (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पट्टा से घर लौट रहे छात्रों पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए छात्रों ने करीब 10 फीट ऊंचाई से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बलोखर के प्रांगण में छलांग लगा दी, जिससे दो छात्र घायल हो गए।
घायलों की पहचान आदित्य धीमान और दिव्यांश ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों छात्र घर जा रहे थे और लगभग 300 मीटर दूर बलोखर में जैसे ही वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास पहुंचे, करीब पांच कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।
इस संबंध में स्थानीय लोगों रमेश चंद, संजीव कुमार, राकेश और सुमनलता ने कहा कि लावारिस कुत्तों के कारण क्षेत्र में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, वीरवार को भी तीन छात्रों को कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया था।
उन्होंने पशुपालन विभाग और प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं, ग्राम पंचायत नंधन के पूर्व उपप्रधान हरिराम ने बताया कि लावारिस कुत्तों के हमलों की जानकारी प्रशासन को दे दी गई है।
उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के चलते पंचायत प्रतिनिधि फिलहाल कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रहे हैं और नई पंचायत गठित होने के बाद ही कार्रवाई संभव होगी।