रंगस (नादौन)। उपमंडल नादौन की ग्राम पंचायत नौहंगी के गांव खैरी में बुधवार शाम को अचानक गोशाला में आग लग गई। जिससे प्रभावित परिवार को तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। राजीव कुमार पुत्र देशराज ने बताया कि वह रंगस कृषि सहकारी सेवा समिति में ड्यूटी पर था कि अचानक घर से फोन आया कि गोशाला में आग लगी हुई है। पिता देशराज जो अपनी निजी दुकान चलाते हैं, वह भी घटना के समय अपनी दुकान पर ही थे।
दोनों घर पहुंचे तो देखा कि गोशाला में भीषण आग लगी हुई थी। आस-पड़ोस के लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफल न होते देख अग्निशमन विभाग हमीरपुर को सूचित किया। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोशाला काफी जल चुकी थी। इस गोशाला में इमारती लकड़ी तथा तूड़ी भी खरीद कर रखी हुई थी जोकि जल गई है। राजीव ने बताया कि इस अग्निकांड से लगभग तीन लाख के करीब नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना हलका पटवारी को भी दी। आग के बारे में जब हल्का पटवारी मदन लाल ने बताया कि मौका देख लिया है। देशराज पुत्र पैनु राम की गोशाला जलकर राख हुई है। इसकी सूचना संबंधित तहसीलदार को दे दी है। वीरवार को नुकसान का आकलन करके रिपोर्ट तहसील कार्यालय को प्रेषित कर दी जाएगी।