हमीरपुर। जिला हमीरपुर में रविवार को एक सेना के जवान समेत दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। 35 वर्षीय सेना का जवान उपमंडल बड़सर के गांव बल्ह बिहाल का रहने वाला है। और 12 जुलाई को वह झारखंड से हमीरपुर लौटा था। इसके साथ ही उपमंडल बड़सर के ही गांव मियूल की रहने वाली 60 वर्षीय महिला की जांच रिपोर्ट भी कोविड-19 पॉजिटिव निकली है। यह अधेड़ महिला 12 जुलाई को दिल्ली से लौटी थी और गृह संगरोध में थी। कोरोना संक्रमित दोनों मरीजों को स्वास्थ्य विभाग ने कोविड-19 केयर सेंटर हमीरपुर शिफ्ट कर दिया है।
इसके साथ ही दोनों के प्राथमिक संपर्क में आए लोगों की जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त हमीरपुर जिला में दो कोरोना के मरीज स्वास्थ्य भी हुए हैं। इन दो लोगों में मुंबई से 2 जुलाई को लौटा गांव पलासन नालटी का 30 वर्षीय युवक और 3 जुलाई को जम्मू-कश्मीर से लौटा कडधो उपमंडल नादौन का रहने वाला 36 वर्षीय सेना का जवान शामिल है। इन दोनों की जांच रिपोर्ट रविवार को निगेटिव आई है। दो नए कोरोना के मामलों के साथ जिला में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 281 पहुंच गया है। जबकि कोरोना से जंग जीतने वाले लोगों की संख्या जिला में 266 पहुंच गई है। वर्तमान में जिला में कोरोना संक्रमितों के सक्रिय मामलों की संख्या 12 रह गई है। उधर, सीएमओ हमीरपुर डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि जिला हमीरपुर में रविवार को कोरोना संक्रमण के दो नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही दो कोरोना मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।