नादौन। बस अड्डा नादौन में बुधवार सुबह इंद्रपाल चौक पर बाइक और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक बुरी तरह घायल हो गए हैं। जिन्हें तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। ट्रक चालक बलवीर सिंह निवासी गांव ठठल ट्रक लेकर अंब से हमीरपुर आ रहा था। जब वह नादौन पहुंचा तो इंद्रपाल चौक पर सीधा हमीरपुर मार्ग पर चल रहा था।
वहीं ज्वालाजी की ओर से आ रहे बाइक पर सवार अश्विनी और कुलदीप ट्रक के साथ टकरा गए। बाइक सवार ट्रक की ड्राइवर साइड के साथ टकराकर दूसरी ओर जा गिरे। इससे 45 वर्षीय अश्विनी निवासी गांव धनौई अधे दी हट्टी ज्वालामुखी की टांग और 28 वर्षीय कुलदीप कुमार निवासी गांव शिलीबागी शिमला के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से नादौन अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें टांडा रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी नीरज राणा ने कहा कि मामला दर्ज करके आगे छानबीन की जा रही है।