नादौन-अंब मार्ग पर क्षतिग्रस्त बाइक। स्रोत : जागरूक पाठक
नादौन (हमीरपुर)। बस अड्डा नादौन के निकट रात को नादौन-अंब मार्ग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के कारण मार्ग पर लगाए गए अवरोधक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। युवकों को नादौन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
वहीं, घायलों के परिजनों ने किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई करवाने से मना कर दिया है। इस स्थल पर दोनों ओर सर्विस लेन का कार्य चल रहा है, जिसके कारण पैराफिट बनाए जा रहे हैं। निर्माण कंपनी ने उक्त स्थल से पीछे सड़क के दोनों ओर कोई चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए हैं।
इस कारण वाहन चालकों, विशेष तौर पर दोपहिया वाहन चालकों को रात के समय यहां काफी परेशानी हो रही है। शनिवार रात को भी लोक निर्माण विभाग कार्यालय परिसर के समीप बाइक सवार अंदाजा नहीं लगा पाए और अवरोधक से टकरा गए। इस दौरान बाइक का भी काफी नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस स्थल पर सड़क के दोनों ओर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को कोई परेशानी ना हो। वहीं, एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बारे में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।