जाहू के तलाई में जलतीं गोशालाएं।
- फोटो : Hamirpur-HP
जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की जाहू पंचायत के तलाई गांव में दिन में अचानक आग लगने से दो स्लेटपोश गोशालाएं जल गई हैं। इससे करीब चार लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े चार बजे जाहू पंचायत के तलाई (जाहू कलां) गांव में मनोहर लाल पुत्र अनंत राम की गोशाला में अचानक आग लग गई। आग की इस घटना से करीब छह मीटर की दूरी पर विजय कुमार पुत्र अनंत राम की गोशाला ने भी आग पकड़ ली।
इस अग्निकांड में पशुशालाओं सहित चारा और लकड़ी पूरी तरह से जल गई है। हालांकि, बरामदे में बांधे भैंस, गाय और उसके बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, ग्रामीणों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन इस पर काबू नहीं पाया जा सका। दोनों गोशालाएं जल गईं हैं। सूचना मिलते ही जाहू पंचायत प्रधान राजू, पंचायत प्रतिनिधि अमरती देवी, जाहू पुलिस चौकी प्रभारी केएस ठाकुर, हलका पटवारी वासू देव घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने जिलाधीश हमीरपुर से मांग की है कि उक्त परिवार को आग से हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने बताया कि इस घटना की जानकारी भोरंज के एसडीएम डॉ. अमित शर्मा को भी दे दी गई है।
बाक्स..
देरी से पहुंची अग्निशमन विभाग की गाड़ी
स्थानीय लोगों की ओर से आग लगने की सूचना मोबाइल से हमीरपुर अग्निशमन विभाग को दी गई। विभाग की गाड़ी साढ़े पांच बजे तलाई गांव पहुंची। उस समय आग से दोनों गोशालाएं जल चुकी थीं। इस दौरान अग्निशमन विभाग के पांच कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंचे और गाड़ी सड़क के किनारे ही खड़ी करनी पड़ी।