स्वतंत्रता सेनानी पंडित इंद्रपाल और डीडी गुलजार की जयंति पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों
नादौन (हमीरपुर)। महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित इंद्रपाल और डीडी गुलजार की जयंती के उपलक्ष्य पर शनिवार को नादौन में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। शनिवार सुबह इंद्रपाल चौक पर एसडीएम राकेश शर्मा, एसएचओ निर्मल सिंह, यशपाल साहित्य परिषद के अध्यक्ष डॉ. रत्न चंद शर्मा, जिला भाषा अधिकारी संतोष पटियाल सहित कई गणमान्य लोगों ने पंडित इंद्रपाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद राजकीय वरिष्ठ कन्या पाठशाला नादौन की छात्रा मन्नत ने वैदिक मंगलाचरण किया। सरस्वती वंदना राजकीय वरिष्ठ कन्या पाठशाला नादौन की छात्राओं ने प्रस्तुत की और इसी पाठशाला की छात्रा तनवी ने पंडित इंद्रपाल के जीवन पर प्रकाश डाला।
इसके बाद आयोजित लेखक गोष्ठी में सुप्रसिद्ध लेखक ओपी शर्मा, साहित्यकार राजेंद्र राजन और वरिष्ठ साहित्यकार केसर सिंह पटियाल ने इंद्रपाल पर कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। एनके भारती ने क्रांतिकारी, शायर एवं साहित्यकार डीडी गुलजार के जीवन और उनकी रचनाओं से अवगत करवाया। इसके बाद कवि सम्मेलन में युवा शायर कार्तिक शर्मा ने अपनी गजल किसी ने मुझे गले से यूं लगाया, मास्टर दिलीप ने नादौन धरती स्वतंत्रता सेनानियों की, सुशील गौतम ने परिस्थितियां क्या कुछ नहीं करातीं, रजनी बाला ने पहाड़ी कविता इन्हीं करोना, युवा कवयित्री दिनाक्षी ने बाजार हमें खरीद रहा कविताएं पढ़ी।