नादौन (हमीरपुर)। नादौन-हमीरपुर एनएच पर प्राथमिक स्कूल जलाड़ी के बाहर पीपल के पेड़ की भारी-भरकम टहनी गिर जाने से सड़क मार्ग बाधित हो गया। रविवार सुबह हुए इस हादसे में गनीमत यह रही कि उस समय सड़क पर कोई वाहन नहीं था। इस घटना में स्कूल के सामने एक दुकान और उसके बाहर रखे सामान को भी काफी नुकसान हुआ है।
दुकान के मालिक किरपाल ने बताया कि घटना सुबह सात बजे की है। घटना के बाद आसपास के लोगों ने टहनियों को काटकर एक किनारे कर दिया तथा बाधित मार्ग को खुलवाया। उन्होंने कहा कि अभी भी पेड़ का बड़ा भाग सड़क के बीचोंबीच है, इस कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। किरपाल सहित अन्य दुकानदारों ने कहा कि यह बेहद पुराना पेड़ प्राइमरी स्कूल परिसर में सड़क की ओर है, इसकी बड़ी-बड़ी टहनियां सड़क के ऊपर हैं। उन्होंने कहा कि वह प्रशासन से कई बार इस पेड़ की बड़ी और कमजोर टहनियों को काटने की गुहार लगा चुके हैं, क्योंकि यदि कोई टहनी टूटती है तो इससे न केवल सड़क पर चल रहे वाहन इसकी चपेट में आ सकते हैं, बल्कि प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। लोगों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम अपराजिता चंदेल ने बताया कि समस्या के स्थाई समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
जल्द पूरा होगा चिल्ड्रन पार्क हमीरपुर का सौंदर्यीकरण कार्य : सुनील बिट्टू
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार से मिले शुभ प्रभात हेल्थ क्लब के सदस्य
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। शुभ प्रभात हेल्थ क्लब हमीरपुर के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर सम्मानित किया। इस दौरान उनसे आग्रह किया गया कि हमीरपुर के एकमात्र चिल्ड्रन पार्क हीरानगर के विस्तार के कार्य को जल्द पूरा किया जाए, जिससे लोगों को वहां पर बेहतर सुविधा मिल सके । इस दौरान सुनील शर्मा ने कहा कि जो कार्य चिल्ड्रन पार्क में बचा हुआ है, उसे जल्द पूरा किया जाएगा । इसके लिए वन विभाग के अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश किए जाएंगे। अभी चिल्ड्रन पार्क का 30 तीस प्रतिशत कार्य बचा हुआ है । साथ ही उन्होंने हमीरपुर शहर के विकास के लिए भी हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश के साथ ही जिला का समग्र विकास होगा । इसके लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य बाजार के विश्राम गृह में भेंट की, जिसमें क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश बजाज, महासचिव आरएल भारद्वाज, पूर्ण कटोच, रविंद्र ठाकुर, किशोर शर्मा सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। क्लब के महासचिव आरएल भारद्वाज ने क्लब की अन्य गतिविधियों पर भी विस्तार से जानकारी दी तथा इन कार्यक्रमों को आगामी दिनों में क्रमबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
मृदुल चौक के पास पार्क गाड़ी पर गिरी शौचालय की दीवार
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के मृदुल चौक के पास एक गाड़ी पर शौचालय की दीवार गिर गई। इस कारण गाड़ी को काफी क्षति पहुंची। चांदी की दीवार कैसे गिरी इस बात का अभी पता नहीं लग पाया। वही इस बारे पुलिस थाना हमीरपुर के प्रभारी संजीव गौतम ने कहा उनके पास मामला दर्ज नहीं है।