गलोड़ बाजार में वाहनों के जाम में फंसी एंबुलेंस।
- फोटो : Hamirpur-HP
गलोड़(नादौन)। गलोड़ बाजार में सोमवार दोपहर एक बजे के करीब मरीज को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस पंद्रह मिनट तक ट्रैफिक जाम में फंसी रही। जाम इतना लंबा था कि एंबुलेंस सायरन बजाती रही, लेकिन दोनों तरफ से जाम की वजह से वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बाजार में पुलिस चौकी गलोड़ की ओर से कोई होमगार्ड भी तैनात नहीं था। गलोड़ बाजार में जाम का मुख्य कारण बसों का लंबे समय तक खड़े रहना व नो पार्किंग स्थल पर दोपहिया वाहनों का खड़े करना है। जाम की सूचना दूरभाष पर चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार को दी।
उन्होंने दो पुलिस कर्मचारियों को मौके पर भेजकर जाम को खुलवाया। तब जाकर एंबुलेंस जाम से छूटकर आगे की ओर निकली। गलोड़ बाजार में दो टैक्सियों के लिए ही जगह चिन्हित की गई है। लेकिन दो की बजाय चार से ज्यादा टैक्सियां खड़ी रहती हैं। बस चालक भी इच्छानुसार बसों को बाजार में आधा आधा घंटा खड़ा कर देते हैं। प्रशासन ने पहले बस चालकों को पांच मिनट का समय निर्धारित कर रखा था। गलोड़ बाजार कमेटी उपप्रधान करनैल सिंह ने कहा कि पुलिस ने बसों चालकों परआज तक कोई भी कार्रवाई नहीं की। पुलिस को समय समय पर बसों को चालान करते रहना चाहिए। चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने कहा कि बाजार में तैनात होमगार्ड का तबादला हो गया है। जिसके चलते समस्या आई। शीघ्र ही दूसरे होमगार्ड को तैनात कर दिया जाएगा। पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए नो पार्किंग जोन में खड़े 7 दोपहिया वाहनों के चालान किए। चौकी प्रभारी ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।