हमीरपुर में रविवार को लगा जाम।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिला मुख्यालय में रविवार को यातायात व्यवस्था चरमराई रही। रविवार दोपहर को भोटा चौक से लेकर एचआरटीसी वर्कशाप तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। रविवार को यातायात कर्मचारी कम होने के कारण अव्यवस्था का आलम रहा। करीब पौना घंटा वाहन चालक जाम में फंसे रहे। इस कारण इन्हें परेशानी भी झेलनी पड़ी। रविवार सुबह दस से बारह बजे तक स्टाफ नर्स की परीक्षा जिला के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। रविवार को निगम और निजी बसें न चलने के कारण अभ्यर्थी टैक्सियों या निजी वाहनों में परीक्षा देने पहुंचे।
रविवार दोपहर 12 बजे जैसे ही परीक्षा समाप्त हुई, जिला मुख्यालय में वाहनों का जमघट लग गया। सभी केंद्रों से अभ्यर्थियों को वापस लेकर आ रहे वाहन और अन्य वाहन जाम में फंसे रहे। रविवार को यातायात कर्मचारियों की कमी रहने के कारण इन्हें नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। इस कारण वाहन चालकों को गंतव्य जाने के लिए भी देरी हुई। अगर निगम की या निजी बसें चलीं होती को अभ्यर्थी टैक्सियों या निजी वाहनों की बजाय बसों में सफर करते। इससे जाम भी नहीं लगता। वहीं जो अभ्यर्थी टैक्सियों में परीक्षा देने नहीं आ सके वह बसों का इंतजार करते रहे। ट्रैफिक इंचार्ज उपनिरीक्षक पाल सिंह चंदेल ने कहा कि रविवार को परीक्षा होने के चलते वाहनों का जाम लगा। होमगार्ड के जवान भी छुट्टी पर थे। इस कारण समस्या हुई।