भरेड़ी(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत भरेड़ी के व्यस्त हनुमान चौक पर इन दिनों लग रहे जाम से स्थानीय लोग, दुकानदार और राहगीर परेशान हैं। सुबह और शाम के समय चौक पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और बढ़ती आवाजाही के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
हालात ऐसे हैं कि लोगों को थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय लग रहा है। स्थानीय लोगों यशवंत, सूरज, विजय, संजय, दिनेश, बलबीर, सक्षम और लक्की ने बताया कि हनुमान चौक भरेड़ी का मुख्य व्यस्त स्थल है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं।
सड़क किनारे मनमाने ढंग से वाहन खड़े किए जाने के कारण सड़क संकरी हो जाती है, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। उन्होंने कहा कि कई बार एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हनुमान चौक पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
कोट
इस संदर्भ में कोई भी शिकायत नहीं आई है। बाजार का निरीक्षण करवाया जाएगा, ताकि वाहन चालकों व राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना न करना पड़े।
-बलबीर ठाकुर, एसपी हमीरपुर