हमीरपुर। जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान की रफ्तार बेहद धीमी बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे लगातार जागरूकता अभियानों के बावजूद किशोरियों और अभिभावकों में जागरूकता की कमी स्पष्ट रूप से देखने को मिल रही है।
यही कारण है कि कई केंद्रों पर टीकाकरण का आंकड़ा बेहद कम है। शनिवार और रविवार को केवल 33 लड़कियों का टीकाकरण किया गया, जिसमें शनिवार को 25 और रविवार को आठ किशोरियों को टीके लगाए गए।
अब तक जिले में कुल 1179 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है, जबकि अभियान के लिए 2967 लड़कियों का पंजीकरण किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पहले यह टीकाकरण केवल छुट्टी वाले दिनों में किया जा रहा था, लेकिन अब 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियां किसी भी दिन अपने नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में जाकर टीका लगवा सकती हैं।