फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur (Himachal) News: मांग के अनुसार कारोबारियों को मिलेगा कैरोसिन तेल

Sat, 14 Mar 2026 01:13 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)
विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। व्यावसायिक गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग अब कैरोसिन का तेल उपलब्ध करवाएगा। विभाग कारोबारियों को मांग के अनुसार कैरोसिन का तेल उपलब्ध करवाएगा, ताकि व्यापारिक गतिविधियों पर असर न पड़े।
विज्ञापन

व्यावसायिक गैस सिलिंडर की कमी से जूझ रहे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को राहत देने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग ने अब कैरोसिन तेल उपलब्ध कराने का विकल्प तैयार किया है। कारोबारियों की मांग मिलने पर विभाग कंपनी के निर्धारित मूल्यों पर कैरोसिन तेल उपलब्ध करवाएगा, ताकि उनकी व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित न हों।

दरअसल, इन दिनों व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की अनियमित आपूर्ति के कारण छोटे कारोबारियों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई ढाबों और फास्ट फूड कॉर्नरों के चूल्हे सिलिंडर न मिलने के कारण ठंडे पड़ गए हैं। बड़े कारोबारियों के पास कुछ समय के लिए गैस का स्टॉक मौजूद है, लेकिन छोटे कारोबारी, जो रोजाना या दो-तीन दिन में सिलिंडर लेते थे, उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
विज्ञापन

ऐसे में कैरोसिन तेल की उपलब्धता उनके लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है। हमीरपुर मुख्यालय में करीब 50 से अधिक होटल, रेस्टोरेंट, स्वीट्स शॉप, फास्ट फूड कॉर्नर और ढाबा संचालित हैं। व्यावसायिक सिलिंडर की कमी के कारण इन कारोबारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि कुछ कारोबारी मजबूरी में चोरी-छिपे घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग कर रहे हैं। हालांकि विभागीय अधिकारियों के अनुसार अभी तक किसी भी कारोबारी ने कैरोसिन तेल की औपचारिक मांग नहीं की है।
फास्ट फूड कॉर्नर संचालक विकेश शर्मा ने बताया कि व्यावसायिक सिलिंडर न मिलने के कारण उन्हें अपना कारोबार अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से अब तक कैरोसिन तेल को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई और न ही ढाबा व रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक की गई है।



घरेलू गैस सिलिंडर का बढ़ा उपयोग

गैस संकट के बीच कुछ कारोबारी घरेलू गैस सिलिंडरों का उपयोग करने लगे हैं। विभाग का दावा है कि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन कमी की आशंका के चलते डिमांड अचानक बढ़ गई है। नियमों के तहत ही सप्लाई दी जा रही है, हालांकि होटलों और ढाबों में घरेलू सिलिंडर के इस्तेमाल पर अधिकारी भी स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहे हैं।



लिखित आवेदन पर मिलेगा तेल

खाद्य आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक शिवराम राही ने बताया कि यदि ढाबा, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड कॉर्नर संचालक कैरोसिन तेल की मांग करते हैं, तो उन्हें उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए कारोबारियों को कार्यालय में लिखित आवेदन देकर अपनी आवश्यकता बतानी होगी। मांग के अनुसार कैरोसिन तेल उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि कारोबारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें