सुजानपुर (हमीरपुर)। राष्ट्र स्तरीय होली मेले में अस्थायी दुकानों को लेकर व्यापार मंडल सुजानपुर ने अस्थायी दुकानों को 25 दिन से अधिक लगाने की अनुमति न देने की मांग की है। स्थानीय दुकानदारों ने तर्क दिया है कि इस बार मैदान को एकमुश्त एक ही व्यक्ति को ठेके पर दिया है।
इससे दुकानदारों को महंगे दामों पर प्लॉट खरीदने पड़ेंगे। इससे दुकानदार एक महीने से अधिक समय तक अपनी दुकानदारी सजाकर रखेंगे। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों का कहना है कि अगर अस्थायी दुकानदार एक माह से अधिक समय तक अपनी दुकानें यहां पर सजाते हैं, तो स्थानीय दुकानदारों को घाटा उठाना पड़ेगा।
व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने कहा कि अगर प्रशासन दुकानदारों को 20 से 25 दिनों से अधिक दुकानें सजाने की अनुमति देता है तो व्यापार इसे कतई सहन नहीं करेगा और सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने को मजबूर होगा।
व्यापार मंडल के प्रधान शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि अस्थायी दुकानों के होने से व्यापारियों को घाटा उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारियों को उम्मीद थी कि इस बार भी खुली बोली के आधार पर प्लॉट आवंटित किए जाएंगे, लेकिन अब इसे ठेके पर दे दिया गया है। खुले में बोली होने पर स्थानीय व्यापारी भी इसमें अपनी दुकानदारी सजाते थे, लेकिन यह मुमकिन नहीं है। प्रशासन को चाहिए कि वह दुकानदारों को केवल 25 दिन तक ही अनुमति प्रदान करे।