हमीरपुर। मुख्य बाजार हमीरपुर में वीरवार को दल बल के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचे प्रशासनिक और नगर निगम के अधिकारियों से व्यापारी उलझ गए। फायर ब्रिगेड की गाड़ी सहित बाजार में पुलिस टीम के साथ अधिकारी अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे।
इस दौरान बाल स्कूल और सब्जी मंडी के बीच में अतिक्रमण हटाने को लेकर अधिकारियों और व्यापारियों के बीच गहमागहमी हो गई। शहर में अतिक्रमण की वजह से फायर ब्रिगेड की गाड़ी निकालने में पेश आ रही समस्याओं को सुलझाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया। तहसीलदार हमीरपुर सुभाष कुमार की अगुवाई में पुलिस दल की सुरक्षा के बीच प्रशासन अतिक्रमण हटाने के लिए बाजार में पहुंचा।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी इस दौरान साथ चलती रही, क्योंकि सड़क मार्ग फायर ब्रिगेड के लिए ही क्लीयर किया जा रहा था। इसी बीच व्यापारी प्रशसन के साथ उलझ पड़े। सब्जी मंडी में जैसे ही गाड़ी पहुंची तो यहां काफी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी एकत्र हो गए। इस दौरान नाली के ऊपर सामान सजाने को लेकर काफी गहमागहमी हो गई। व्यापारियों का तर्क था कि उन्हें प्रशासन ने यहां पर सामान सजाने की राहत दी है। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें सफेद पट्टी के अंदर सामान सजाने के लिए कहा गया था, लेकिन अब नाली से भी सामान काे हटाया जा रहा है।
इस अवसर पर नगर निगम हमीरपुर के कर्मचारी भी मौजूद रहे। दमकल विभाग की गाड़ी के लिए क्लीयर किए जा रहे रास्ते के बीच ही गाड़ी फंस गई। शिव मंदिर के समीप गांधी गेट पर करीब 15 मिनट गाड़ी फंसी रही। यहां पर दोनों तरफ दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण से सड़क मार्ग संकीर्ण हो गया है। सड़क के संकीर्ण हो जाने की वजह से दमकल के वाहन निकल नहीं पा रहे। ऐसे में दुकानदारों का सामान हटाकर सड़क मार्ग को खुलवाया गया। इस दौरान चार दुकानदारों का सामान जब्त किया गया है।
कोट
आगजनी सहित अन्य घटना शहर में मध्य हो जाए तो फिर दमकल विभाग की गाड़ी त्वरित नहीं पहुंच सकती, क्योंकि सड़क अतिक्रमण की वजह से संकीर्ण हो गई है। व्यापारियों से अपील है कि सड़क से पीछे ही अपना सामान लगाएं, ताकि आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड तुरंत सड़क मार्ग से होकर स्पॉट पर पहुंच सके। व्यापारियों की ओर से अपनी बात रखी गई है। उन्होंने प्रशासन के समक्ष अपनी मांग सही ढंग से रखने के लिए कहा है।
-सुभाष कुमार, तहसीलदार, हमीरपुर