हमीरपुर। जिला मुख्यालय के बाईपास पर चल रहे मेले के विरोध में व्यापार मंडल हमीरपुर ने मोर्चा खोल दिया है। व्यापार मंडल प्रधान सुमित ठाकुर की अगुवाई में व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह को ज्ञापन सौंपकर मेले को बंद करवाने की मांग की।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मेले में कई विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं लिए गए हैं और इससे स्थानीय बाजार का कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने कहा कि महंगे किराये पर दुकानें लेने के बावजूद यदि इस तरह मेले आयोजित होते रहे तो स्थानीय कारोबारियों के लिए मुश्किलें बढ़ेंगी।
उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारू करने की भी मांग की। शहर में हाल में हुई चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों ने सुरक्षा बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और पुलिस गश्त तेज करने की मांग की।
इस दौरान सुमित ठाकुर, राजेश कुमार, यशपाल और राजेंद्र कुमार ने रात के समय ड्रोन से निगरानी का सुझाव भी दिया। एसपी बलबीर सिंह ने कहा कि मेले के लिए पुलिस की ओर से कोई अनुमति नहीं दी गई है। मेले को लेकर आगामी कार्रवाई प्रशासन की ओर से की जा सकती है।