हमीरपुर। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हमीरपुर में वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाए गए पंचायत समिति हमीरपुर के पूर्व उपाध्यक्ष संजीव शर्मा ने पद लेने से इन्कार कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें पद की कोई चाह नहीं है और वह कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हमीरपुर की कार्यकारिणी के विस्तार के बाद मंगलवार को पहली बैठक हुई। प्रदेश कांग्रेस से मंजूरी के बाद कार्यकारिणी में 31 सदस्यों और पदाधिकारियों को शामिल किया गया है।
बैठक में संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने को लेकर चर्चा हुई। इसी दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद को लेकर संजीव शर्मा के रुख की चर्चा भी संगठन के भीतर रही। उनके पद लेने से इन्कार किए जाने पर बैठक में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, लेकिन संजीव अपनी बात पर अडिग रहे।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने नई जिम्मेदारी सौंपने के लिए कांग्रेस हाईकमान का आभार जताया और संगठन की मजबूती के लिए काम करने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हमीरपुर में करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए भी आभार जताया।
बैठक में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती , एपीएमसी चेयरमैन अजय शर्मा, प्रदेश महासचिव ज्योति खन्ना सहित पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सुधीर शर्मा की टिप्पणी पर निंदा प्रस्ताव
बैठक में विधायक सुधीर शर्मा की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर भी रोष जताया गया। इसे लेकर बैठक में निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और सम्मान बनाए रखना जरूरी है। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।
संभवत संजीव शर्मा की इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू से बातचीत हुई है। अगर संजीव को पद नहीं चाहिए तो उनकी जगह किसी अन्य कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
-सुनील कुमार, अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हमीरपुर
मुख्यमंत्री सुक्खू और राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू और प्रदेश संगठन ने उन्हें इस पद योग्य समझा, इसके लिए वह वरिष्ठ नेतृत्व के आभारी हैं। जमीन से जुड़ा पार्टी कार्यकर्ता हूं, ऐसे में पद की जरूरत नहीं है।
-संजीव शर्मा, पूर्व उपाधक्ष, पंचायत समिति हमीरपुर