हमीरपुर। नगर एवं ग्राम योजना विभाग ने योजना क्षेत्र के तहत अनधिकृत निर्माण पर सख्त रुख अपना लिया है। विभाग ने दडूही के विकास नगर स्थित करीब एक दर्जन भवन मालिकों को नोटिस जारी किए हैं। विभाग ने मौके पर जायजा लेने के बाद पाया कि यहां निर्मित करीब एक दर्जन भवनों के नक्शे विभाग से स्वीकृत नहीं हैं और भवन निर्माण के दौरान नियमों का पालन नहीं किया गया।
इस पर संबंधित भवन मालिकों को नोटिस भेजने के साथ ही टीसीपी विभाग ने जलशक्ति विभाग और बिजली बोर्ड के अधिकारियों को भी संबंधित भवनों के पानी और बिजली के कनेक्शन काटने के लिए कहा है। टीसीपी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगर बिजली और पानी के कनेक्शन संबंधित विभाग ने नहीं काटे तो भविष्य में होने वाली कानूनी कार्रवाई में संबंधित विभागों को भी शामिल किया जाएगा। वहीं, ग्राम पंचायत दडूही की प्रधान को भी चिट्ठी भेजकर यह आग्रह किया गया है कि पंचायत कार्यालय से कनेक्शन से संबंधित किसी तरह की एनओसी जारी न की जाए। इसके साथ ही टीसीपी ने जिला लोकसंपर्क विभाग से आग्रह किया है कि वह टीसीपी क्षेत्र में बिना मंजूरी के अनधिकृत प्लॉट और फ्लैट खरीद से लोगों को बचाने के लिए संबंधित जानकारी के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करे।
उधर, नगर एवं ग्राम योजना विभाग के जिला अधिकारी हरजिंद्र सिंह ने कहा कि योजना क्षेत्र में किसी भी तरह के निर्माण से पूर्व टीसीपी से स्वीकृति लेना अनिवार्य है। अगर कोई बिना स्वीकृति निर्माण करता है तो विभाग नियमों के तहत कार्रवाई करता है। जिला अधिकारी ने कहा कि हमीरपुर के जिन लोगों ने विभागीय नियमों का पालन नहीं किया है, उन्हें नोटिस दिए गए हैं।