स्कूल में किया जाता है बारिश का पानी इकट्ठा संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। रोटरी क्लब शिमला के सौजन्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संहोग में बुधवार को अर्ध-दिवसीय रोटरी यूथ लीडरशिप अवॉर्ड (राइला) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक कर इसका महत्व बताया गया। इस अवसर पर वर्षा जल को कैसे इकट्ठा किया जा सकता है और उसका सदुपयोग कैसे किया जा सकता है, इसका प्रायोगिक प्रदर्शन किया गया।
विद्यालय की छत से निकलने वाली वर्षा जल की पाइप को 500 लीटर की टंकी से जोड़ा गया, जिसे रोटरी क्लब शिमला द्वारा दान दिया है। इस टंकी को एक आउटलेट से भी जोड़ा है, जिससे छात्र इस पानी का उपयोग बागवानी और शौचालयों की सफाई के लिए कर सकें। अंत में सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब शिमला के अध्यक्ष करण बंबा, उपाध्यक्ष अमित पाल सूद, सचिव डॉ. संदीप सौठा, मनवीराज विर्दी, भर्तेंदु शुभम पाठक मौजूद रहे। संवाद