पिछले चार माह से बंद पड़ी है थायराइड टेस्ट मशीन
डॉ राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में मरीजों को हो रही परेशानी
सरकारी लैब में बंद पड़ी है टेस्ट करवाने की सुविधा
कृष्णा लैब में भी थायराइड टेस्ट करवाने के लिए झेलनी पड़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की सरकारी लैब में थायराइड के टेस्ट नहीं हो पा रहे हैं। पिछले चार माह से अस्पताल की सरकारी लैब में थायराइड टेस्ट की मशीन खराब है। मरीजों को क्रस्ना लैब की ओर रुख करना पड़ रहा है या निजी लैबों की ओर जाना पड़ रहा है। क्रस्ना लैब में भी थायराइड टेस्ट की रिपोर्ट दो दिन बाद दी जाती है। क्रस्ना लैब में भीड़ भी बहुत अधिक होती है। ऐसे में मरीजों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। थायराइड का टेस्ट बेसिक टेस्टों में आता है। मेडिसिन विभाग और गायनी में आने वाली गर्भवती महिलाओं का यह टेस्ट अधिकतर किया जाता है लेकिन, इस टेस्ट को करवाने के लिए मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मरीजों राजमल, त्रिलोक, संतोष, विजय पुरी, ललिता, कावेरी आदि ने कहा कि जब सरकारी लैब में जा रहे हैं तो थायराइड का टेस्ट नहीं हो पा रहा है। इससे परेशानी होती है। बाहर महंगे दामों पर टेस्ट करवाने को मजबूर होना पड़ता है। क्रस्ना लैब में भी दो दिन बाद रिपोर्ट दी जाती है। बार बार अस्पताल आने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि समस्या का हल कर दिया जाएगा।