क्रस्ना लैब की ओर करना पड़ रहा सभी मरीजों को रुख
एक ही लैब पर पड़ रहा है अतिरिक्त कार्यभार, हो रही खासी परेशानी
क्रस्ना लैब में लगी रहती है हर समय लंबी कतार, घंटों करना पड़ रहा इंतजार
गर्भवती महिलाओं को हो रही सबसे अधिक परेशानी, कतारों में खड़ा होना मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की सरकारी लैब में दो सप्ताह से थायराइड के टेस्ट नहीं हो पा रहे हैं। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी लैब में मशीन खराब हो गई है। ऐसे में मरीज थायराइड के टेस्ट करवाने के लिए क्रस्ना लैब की ओर रुख कर रहे हैं। इस लैब में टेस्ट करवाने के लिए हर समय लंबी कतारें लगी रहती हैं। ऐसे में मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। गर्भवती महिलाओं को भी लंबी कतारों में लगकर टेस्ट करवाने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उन्हें यह टेस्ट करवाने के लिए बाहर निजी लैबों की ओर भी रुख करना पड़ रहा है।
जहां पर उन्हें इस टेस्ट को करवाने के लिए 200 से 300 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। सरकारी लैब की इस मशीन में कुछ तकनीकी समस्या आई है। मरीजों ललित, श्याम, देशराज, बलविंद्र, कल्पना, पूजा, सिमरन आदि ने कहा कि सरकारी लैब में थायराइड के टेस्ट नहीं हो पा रहे। इससे परेशानी का सामना करना पड़ता है। गायनी, मेडिसिन, ऑर्थो विभाग के डॉक्टर कई मरीजों को थायराइड के टेस्ट लिखते हैं। उन मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि मशीन में तकनीकी समस्या है लेकिन दूसरी लैब में टेस्ट हो रहे हैं। वहीं, मशीन को ठीक करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।