हमीरपुर। पुलिस थाना क्षेत्र बड़सर में बीते छह माह से हो रही चोरियों के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से सोने और चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
तीनों आरोपी जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां के निवासी हैं। तीनों आरोपियों को मोबाइल नेटवर्क के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। बीते छह माह में बड़सर क्षेत्र में डेेढ़ दर्जन से अधिक चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। आधा दर्जन से अधिक घरों में चोरी का प्रयास कर चुके हैं। इनमें चोर करीब 20 लाख की ज्वेलरी और करीब आठ लाख रुपये की नकदी ले उड़े हैं। आए दिन हो रही चोरियों के चलते पुलिस विभाग ने एक स्पेशल टीम का गठन किया। टीम ने सिविल ड्रेस में क्षेत्र में जांच शुरू की।
इस दौरान तीन युवकों की शिनाख्त की जो कुछ समय पहले ही बड़सर क्षेत्र में आए थे और बिना पंजीकरण के किराये के कमरों में रह रहे थे। चोरी की वारदात के बाद वे किराये के कमरों में वापस नहीं आते थे। इनकी पहचान निरंजन उर्फ थोलू निवासी नगरोटा बगवां, संजू उर्फ इश्की निवासी नगरोटा बगवां, और जीती निवासी नगरोटा बगवां के रूप में हुई है। तीनों नगरोटा बगवां के बंगाली मोहल्ला के रहने वाले हैं। तीनों को पुलिस ने मोबाइल नेटवर्क के आधार पर पूछताछ के लिए बड़सर बुलाया। तीनों को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान तीनों ने क्षेत्र में चोरी की वारदातों शामिल होना कबूल किया है। पूछताछ के आधार पर तीनों से सोने और चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। तीनों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। यहां तीनों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया है। आरोपियों से सोने और चांदी के आभूषण भी बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
-डा. शिव कुमार, एएसपी हमीरपुर।