हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के अंतर्गत केबल चोरी कर ले जा रहे दो चोरों ने एक व्यक्ति की पिटाई कर दी है। मारपीट के दौरान एक चोर लोगों के हाथ लग गया है, जबकि दूसरा फरार हो गया।
आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय में पेश किया। यहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।विपन शर्मा पुत्र सुखदेव शर्मा गांव बल्यूट डाकघर चमनेड़ ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 23 नवंबर को वह अपनी दुकान बंद कर बल्ले की खड्ड के पास पहुंचा। यहां उसे दो व्यक्ति मिले। इनमें से एक व्यक्ति ने अपने कंधे पर एक बैग उठा रखा था। जब उसने उनसे बैग के बारे में पूछा तो दोनों ने उससे साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उसने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
मारपीट कर रहे युवकों की आवाज सुनकर विपन शर्मा का भाई और चाचा मौके पर पहुंचे। इस दौरान तीनों ने पकड़े हुए युवक का नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम विजय कुमार पुत्र प्रकाश चंद गांव वलोह बताया जबकि अपने साथी का नाम संजय कुमार पुत्र प्रकाश चंद निवासी वलोह जिला हमीरपुर बताया। उन्होंने युवक के बैग की तलाशी ली तो बैग में जली हुई केबल वायर मिली। इसकी सूचना उन्होंने सदर पुलिस थाना में दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर केबल वायर को कब्जे में ले लिया है। आरोपी विजय कुमार मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। यहां आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरोपी वीरवार को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं दूसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस जगह-जगह छापामारी कर रही है। उधर, पुलिस अधीक्षक अजय बौद्ध ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। एक आरोपी को रिमांड पर ले लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।