अब आप महज 25 रुपये में जिला भर का चक्कर लगा सकेंगे। परिवहन निगम ने लोकल यात्रियों की सुविधा के लिए मुद्रिका बस सेवा शुरू करने जा रहा है। फरवरी माह से जिला मुख्यालय की सड़कों पर मुद्रिका बसें दौड़ना शुरू हो जाएंगी।
निगम प्रबंधन 37 सीटर नई टाटा एसीजीएल बसों को तीनों मुद्रिका रूटों पर दौड़ाएगा। मुद्रिका बसों में न्यूनतम किराया 10 रुपये होगा। एक किलोमीटर से लेकर 10 किलोमीटर तक का सफर करने के लिए यात्रियों को 10 रुपये किराया देना होगा। 10 किलोमीटर से अधिक सफर करने के लिए यात्रियों को 25 रुपये किराया देना होगा। हालांकि निगम प्रबंधन ने एक मुद्रिका बस हमीरपुर से अणु, कुठेड़ा, पनियाला, गरने दा गलू, एनआईटी रूट पर पहले ही शुरू कर रखी है। जल्द ही दूसरी मुद्रिका बस हमीरपुर से टौणीदेवी, बस्सी, पट्टा, भोटा, सलौणी, बिझड़ी, दियोटसिद्ध, गलोड़, हमीरपुर रूट पर चलेगी। तीसरी मुद्रिका बस हमीरपुर से गलोड़, पन्याली चौक, सपड़ोह, जसाई, धनेटा, जसोह, नादौन, हमीरपुर रूट पर चलेगी। हमीरपुर से अणु-कुठेड़ा-गरने दा गलू और हमीरपुर-टौणीदेवी-भोटा-गलोड़ मुद्रिका बसें सुबह के समय रूटों पर रवाना होंगी और शाम के समय हमीरपुर पहुंचेंगी जबकि हमीरपुर-धनेटा-नादौन मुद्रिका शाम के समय रूट पर रवाना होगी। फरवरी से मुद्रिका बसों को रूटों पर भेजना शुरू कर दिया जाएगा।
आरएम देशराज का कहना है कि फरवरी में मुद्रिका बसों को शुरू कर दिया जाएगा। मुद्रिका रूटों पर नई टाटा एसीजीएल 37 सीटर बसों को भेजा जाएगा।