क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में कैंसर उपचार की सुविधा शुरू हो गई है। शुक्रवार को कैंसर यूनिट का शुभारंभ हो गया। दो बेड की कैंसर यूनिट में कीमोथेरेपी, पेलियेटिव केयर की सुविधा मिल सकेगी। अब रोगियों को उपचार के लिए शिमला और टांडा नहीं दौड़ना पड़ेगा।
एशियन कैंसर इंस्टीट्यूट मुंबई के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पेंडारकर ने कैंसर यूनिट का शुभारंभ किया। यूनिट में कैंसर पीड़ितों को दो बेड की सुविधा मिलेगी। साथ ही यूनिट में कीमोथेरेपी, पेलियेटिव केयर और कैंसर काउंसिलिंग की सुविधा भी मिलेगी।
ऐसे में कैंसर पीड़ित क्षेत्रीय अस्पताल में अपना उपचार करवा सकेंगे। मरीजों को शिमला, टांडा या पीजीआई चंडीगढ़ की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। कैंसर यूनिट के शुभारंभ पर क्षेत्रीय अस्पताल में कैंप लगाया गया। इसमें करीब डेढ़ दर्जन कैंसर पीड़ित पहुंचे।
कैंसर विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पेंडारकर ने कैंसर पीड़ितों की बीमारी की जांच की। इस मौके पर एमएस डॉ. अर्चना सोनी, डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, डॉ. रेशम सिंह, डॉ. रमेश चौहान मौजूद रहे।