भरेड़ी(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अमरोह क्षेत्र स्थित बूंगा चौक में गत रात तीन तेंदुए एक साथ दिखाई देने से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों द्वारा मोबाइल फोन से ली गई तस्वीरों में तीन तेंदुए सड़क पर स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुए सड़क किनारे काफी देर तक घूमते रहे और बाद में जंगल की ओर चले गए। इस दौरान आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों में भय का माहौल बन गया है। खासकर बच्चों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि बूंगा चौक के आसपास देर शाम तक लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। हालांकि पिछले कुछ समय से आसपास के जंगलों में जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ी हैं, लेकिन एक साथ तीन तेंदुओं का आबादी के नजदीक दिखना पहली बार सामने आया है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग को अवगत कराया गया, जिसके बाद टीम ने मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग का कहना है कि तेंदुए सामान्यतः इंसानों से दूरी बनाए रखते हैं, लेकिन भोजन की तलाश या जंगलों में बढ़ती गतिविधियों के कारण वे आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ सकते हैं।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि शाम छह बजे के बाद बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और पालतू पशुओं जैसे कुत्ते, बकरियां और गाय आदि को खुले में न बांधें, बल्कि सुरक्षित स्थान पर रखें।
प्रशासन ने यह भी सलाह दी है कि यदि किसी को तेंदुआ दिखाई दे तो घबराने या शोर मचाने की बजाय शांत रहते हुए सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें।
वहीं, वन रक्षक योग राज ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर क्षेत्र में पिंजरा भी लगाया जा सकता है।