बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चैत्र मेलों के दौरान लाखों श्रद्धालुओं ने बाबा की पवित्र गुफा में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। मंदिर में 31 मार्च तक लगभग ढाई करोड़ चढ़ावा श्रद्धालुओं ने चढ़ाया जो अब तक का सर्वाधिक रिकार्ड है।
दियोटसिद्ध में चैत्र माह के मेले 14 मार्च से 13 अप्रैल तक चल रहे हैं। चैत्र माह मेलें के दौरान मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंज रहा है। बाबा के दर्शनों के लिए पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, देश व विदेश के श्रद्धालु आ रहे हैं।
मंदिर को आधा घंटा सफाई के दौरान बंद किया जा रहा है। दियोटसिद्ध मंदिर में 14 मार्च से लेकर 31 मार्च तक 2,48,15,379 रुपये का चढ़ावा श्रद्धालुओं ने बाबा की पवित्र गुफा में चढ़ाया। मंदिर में पिछले 18 दिनों में 11,31,948 रुपये की वृद्धि हुई है।
पंजाब के एक श्रद्धालु ने दियोटसिद्ध मंदिर में चार लाख रुपये का दान दिया। इस साल चैत्र मेले के दौरान 31 मार्च तक करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने बाबा की गुफा में शीश नवाया। चैत्र मेले के दौरान इंग्लैंड पौंड 8765, यूएस डॉलर 4555, कनाडा डॉलर 2362, आस्ट्रेलिया 115, यूरो 620, यूएई 2575, न्यूजीलैंड 525, कतर 451, कुवैत 30, सिंगापुर 20 और सऊदी अरब 207 मुद्राओं सहित सोना, चांदी चढ़ाए गए।
मंदिर अधिकारी ईश्वर दास ने बताया कि 13 मार्च से लेकर 31 मार्च तक मंदिर के चढ़ावे में इस साल 11,31,948 रूपये की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि न्यास प्रशासन श्रद्धालुओं को हर सुविधा प्रदान कर रहा है।